जन भावनाओं की जीत: डॉ. शिव प्रसाद भट्ट ने पुनः संभाली बेलेश्वर अस्पताल की कमान।
06-11-2025 07:11 PM
टिहरी गढ़वाल:-
बेलेश्वर क्षेत्र के लोगों के लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार उनकी जनभावनाओं को सम्मान मिला। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शिव प्रसाद भट्ट ने एक बार फिर बेलेश्वर अस्पताल में अपनी सेवाएं पुनः शुरू कर दी हैं। उन्होंने गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से ज्वाइन किया।
सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने जानकारी दी कि स्थानीय जनता की लगातार मांग और विधायक शक्ति लाल शाह के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप, डॉ. भट्ट को पौड़ी से पुनः बेलेश्वर अस्पताल में तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को देखते हुए यह निर्णय जनता के हित में लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने डॉ. भट्ट की वापसी पर खुशी जताई और कहा कि उनके आने से अस्पताल में एक बार फिर से नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने विधायक शक्ति लाल शाह का भी आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से यह संभव हो पाया।
बेलेश्वर क्षेत्र में हाल के महीनों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जनाक्रोश देखने को मिला था। लोगों का कहना है कि डॉ. शिव प्रसाद भट्ट के आने से अब मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी।