टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में दिशा बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों की प्रगति की हुई समीक्षा, लॉन्च हुआ ईको फ्रेंडली यूज बैग
07-11-2025 05:37 PM
नई टिहरी। जिला सभागार, नई टिहरी में गुरुवार को टिहरी गढ़वाल सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, पिछली बैठक की अनुपालन रिपोर्ट एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने नवनियुक्त ब्लॉक प्रमुखों का स्वागत करते हुए कहा कि विकास कार्यों में सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी सकारात्मक सोच के साथ मिलकर कार्य करें, ताकि जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को प्राथमिकता तय कर समय पर पूर्ण करें और किसी भी समस्या का समाधान शीघ्र सुनिश्चित करें। सांसद ने यह भी कहा कि केंद्रीय निधि से निर्मित योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करना अनिवार्य है।
प्लास्टिक मुक्त टिहरी का संकल्प
बैठक के दौरान जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘ईको फ्रेंडली यूज बैग’ लॉन्च किया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देना है। यह बैग जिला पंचायत, नगर पालिका और एनजीओ के माध्यम से होटलों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पर्यटक अपने कचरे को बैग में डालकर वापस कर सकें।
विकास परियोजनाओं पर समीक्षा
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि घनसाली क्षेत्र के विनकखाल-गैंवाली मोटर मार्ग व पुल निर्माण कार्यों के अनुमान शासन को भेजे गए हैं। पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों और दीवारों की सूची तैयार कर शीघ्र सुधार कार्य पूरे करें।
नई टिहरी की आंतरिक सड़कों के सुधारीकरण हेतु नगरपालिका की संसाधन कमी के कारण प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
जनप्रतिनिधियों के सुझाव
बैठक में सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें नई नगर पंचायतों में सड़क विस्तारीकरण, पोखरी-दंदेली मार्ग की जांच, चंबा कॉलेज रोड निर्माण, रैका पट्टी के गांवों में पेयजल समस्या समाधान, मोबाइल नेटवर्क सुधार हेतु ऑपरेटर बैठक, स्मार्ट क्लास प्रस्ताव भेजने, तथा जल जीवन मिशन में ग्राम प्रधानों की सहभागिता को शामिल किया गया।
विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय ने कहा कि सड़कों को “पहाड़ की लाइफ लाइन” मानते हुए, निर्माण कार्यों में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तुरंत मरम्मत की जाए।
विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह ने सिमली पुल और घुमेटीधार पुल की प्रगति रिपोर्ट लेते हुए हनुमान मंदिर पुल को डबल लेन करने के कार्य को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया।
वहीं, विधायक प्रतापनगर विक्रम सिंह नेगी ने कोटी कॉलोनी-डोबरा रिंग रोड प्रभावितों को होमस्टे हेतु व्यवसायिक दरों पर भूमि उपलब्ध कराने और लंबगांव-चमियाला क्षेत्र में नई सड़क सर्वे कराए जाने की मांग की।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सांसद और विधायकों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का समाधान 15 दिनों के भीतर किया जाए और संबंधित विभाग जनप्रतिनिधियों को प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराएं। दिशा बैठक में टिहरी के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। बैठक के दौरान विकास कार्यों को गति देने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला अधिकारी नितिका खंडेलवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी ईशिता सजवाण, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा उदय सिंह रावत, नगरपालिका अध्यक्ष चम्बा शोभनी धनोला, नगर पंचायत घनसाली आनन्द बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविन्द सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष लम्बगांव रोशन रांगड़, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, सीडीओ वरूणा अग्रवाल, डीएफओ वन प्रभाग टिहरी पुनीत तोमर, पीडी डीआरडीए पी.एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, सीएमओ डॉ. श्याम विजय सहित समिति के अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।