घनसाली को मिला नया तोहफा: नगर में बनेगा देवभूमि रजत जयंती पार्क, 68.40 लाख की परियोजना से बढ़ेगा हरित विकास और पर्यटन
22-11-2025 09:48 PM
घनसाली में बनेगा देवभूमि रजत जयंती पार्क, सरकार ने 68.40 लाख की परियोजना को दी मंज़ूरी
पंकज भट्ट, घनसाली (टिहरी गढ़वाल)। नगर पंचायत घनसाली में हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने देवभूमि रजत जयंती पार्क के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस पार्क के निर्माण पर 68 लाख 40 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। नगर में हरित क्षेत्र और सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों की कमी को देखते हुए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नगर पंचायत घनसाली के अध्यक्ष आनन्द बिष्ट ने बताया कि पार्क का निर्माण घनसाली–चिरबटिया मोटर मार्ग पर गौशाला के समीप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल नगर के सौंदर्य में वृद्धि करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का एक नया केंद्र बनेगा।
पार्क में वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम, सौर ऊर्जा आधारित लाइटें, बैठने की व्यवस्था और बच्चों के लिए खेल सामग्री जैसी सुविधाएँ स्थापित की जाएंगी। अध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि पार्क निर्माण से लोगों को स्वस्थ वातावरण में समय बिताने का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।
उन्होंने राज्य सरकार से मिले सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि रजत जयंती पार्क आने वाले समय में नगर का प्रमुख सार्वजनिक स्थल बनेगा और घनसाली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।