टिहरी भाजपा जिला संगठन में नई टीम की घोषणा, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों को मिली जिम्मेदारी
12-12-2025 06:26 PM
टिहरी गढ़वाल।
भाजपा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा टिहरी जिला अध्यक्ष उदय रावत ने पार्टी के विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। नई नियुक्तियों के साथ जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला अध्यक्ष उदय रावत द्वारा घोषित टीम में युवा मोर्चा की जिम्मेदारी मनीष राणा को सौंपी गई है। संगठन मानता है कि युवा ऊर्जा और नए उत्साह के साथ वे जिले में युवाओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसके साथ ही महिला मोर्चा की कमान इंदू डंगवाल को दी गई है। लंबे समय से संगठन में सक्रिय डंगवाल के नेतृत्व में महिला शक्ति को और सशक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष बलवीर राणा बनाए गए हैं, जिनसे उम्मीद है कि वे किसानों की समस्याओं, योजनाओं और हितों को लेकर संगठन और सरकार के बीच सेतु का काम करेंगे।
अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा की जिम्मेदारी राजेंद्र थलवाल को मिली है। संगठन का मानना है कि उनकी नियुक्ति से ओबीसी वर्ग में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।
अनु (अनुसूचित जाति) मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में राजेंद्र कोली को दायित्व सौंपा गया है। कोली लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा की कमान मौ. तौफिक अहमद को दी गई है। उनके नेतृत्व में अल्पसंख्यक समुदाय के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने पर जोर रहेगा।
जिला अध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि नई टीम के गठन के साथ संगठन अधिक गतिशील, सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ा रहेगा। सभी मोर्चों के अध्यक्षों से अपेक्षा है कि वे अपने-अपने वर्गों में भाजपा की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे और संगठन को और मजबूत करेंगे।