भिलंगना ब्लॉक में पहली बैठक संपन्न, नव निर्वाचित सदस्यों ने रखीं समस्याएं, ब्लॉक प्रमुख बोले – भ्रष्टाचार मुक्त होगा विकास।
04-09-2025 04:23 PM
भिलंगना, टिहरी गढ़वाल:-
टिहरी जनपद के विकास खंड भिलंगना में गुरुवार को नव निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्यों की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में सदस्यों ने अपना परिचय देने के साथ ही क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र बिष्ट ने स्पष्ट कहा कि यदि क्षेत्र की समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं हुआ, तो आगामी बैठकों में अधिकारियों और जिम्मेदारों से कड़ा जवाब तलब किया जाएगा।
वहीं, सदस्य अनिल चौहान ने मांग उठाई कि बीडीसी बैठकों में सभी सदस्यों को परिचय पत्र जारी किए जाएं और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी ने कहा कि आने वाले पांच साल भिलंगना ब्लॉक के विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक होंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश के सबसे बड़े ब्लॉक भिलंगना को भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर एक आदर्श ब्लॉक के रूप में स्थापित किया जाएगा।
बैठक में मौजूद अन्य सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं को भी सामने रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
इस पहली बैठक से साफ संकेत मिल रहे हैं कि नए कार्यकाल में भिलंगना ब्लॉक की दिशा और दशा सुधारने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे।